नालंदा: बिहार के नालंदा जिला के मघड़ा गाँव स्थित माता शीतला मंदिर (Mata Shitala Temple) में चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार को पूजा-अर्चना के दौरान भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतार में खड़े थे। अत्यधिक भीड़ के कारण लाइन धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान कुछ लोग जल्दी दर्शन के लिए लाइन तोड़कर आगे बढ़ने लगे, जिससे अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई और स्थिति बिगड़ गई।
धक्का-मुक्की के दौरान कई लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े और भीड़ की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना पर संज्ञान लेते हुए नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री बिहार, ने मृतकों के आश्रितों को 6 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मंदिर परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।



