राजगीर, नालंदा: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मंगलवार, 27 अक्टूबर को भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 रग्बी सीरीज़ का आयोजन किया गया। खेल के माध्यम से दोनों देशों के बीच मित्रता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में भारत सरकार की युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, भारत में न्यूजीलैंड के कार्यवाहक उच्चायुक्त मैट आयर्स, बिहार रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं बिहार विधान परिषद के सदस्य संजय मयूख तथा रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों देशों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।

महिला टीम ने 17-0 से जीता मुकाबला
राजगीर के एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 17-0 से पराजित किया। भारतीय खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार, बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा। वहीं, पुरुष वर्ग में न्यूजीलैंड की टीम ने भारतीय टीम को 32 अंकों के अंतर से हराया।

सीरीज़ के दौरान भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमों के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने, संयुक्त प्रशिक्षण और एक-दूसरे की खेल संस्कृति को समझने का अवसर मिला।

‘हाका’ नृत्य ने बढ़ाया सांस्कृतिक आकर्षण
कार्यक्रम में न्यूजीलैंड की माओरी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने पारंपरिक ‘हाका’ नृत्य प्रस्तुत किया। न्यूजीलैंड की पुरुष टीम तामा तोआ और महिला टीम हिने तोआ के प्रतिनिधिमंडल में कुल 24 युवा माओरी खिलाड़ी शामिल थे।

आयोजन के तहत संयुक्त प्रशिक्षण सत्र, सांस्कृतिक गतिविधियां और रग्बी सेवन्स के चार मुकाबले आयोजित किए गए। इनमें दो मिश्रित टीम मुकाबले भी शामिल थे, जिनमें भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने मिलकर टीमें बनाईं। इस प्रारूप के जरिए खेल के माध्यम से आपसी सहयोग और मित्रता का संदेश दिया गया।

भारत-न्यूजीलैंड खेल सहयोग को मिला बढ़ावा
यह सीरीज़ ‘खेल के माध्यम से एकता के 100 वर्ष’ पहल का हिस्सा रही। इसका उद्देश्य खेल के जरिए दोनों देशों के बीच आपसी समझ, सांस्कृतिक संबंधों और दीर्घकालिक सहयोग को मजबूत करना है। युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने के साथ-साथ यह आयोजन भारत में रग्बी के विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण रहा।

रग्बी इंडिया और न्यूजीलैंड रग्बी के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के क्रम में मई 2026 में भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में न्यूजीलैंड रग्बी के कोचिंग विशेषज्ञों ने भारतीय प्रशिक्षकों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें 35 भारतीय कोचों ने हिस्सा लिया था। इसका उद्देश्य देश में रग्बी कोचिंग की क्षमता को मजबूत करना और खेल के विकास को प्रोत्साहित करना था।

राजगीर में आयोजित इस सीरीज़ ने खेल को देशों के बीच मैत्री, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और युवाओं को जोड़ने वाले माध्यम के रूप में प्रस्तुत किया। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के जरिए बिहार को खेल पर्यटन और रग्बी के क्षेत्र में पहचान दिलाने की संभावनाओं को भी रेखांकित किया।



