नालंदा: राष्ट्रीय विद्यालय रग्बी खेल प्रतियोगिता 2026-27 में बिहार की अंडर-14 बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में 23 से 28 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और टीम भावना के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। टीम की इस सफलता में नालंदा जिले की खिलाड़ी खुशबू कुमारी का अहम योगदान रहा।
खुशबू कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने खेल कौशल और समर्पण से टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंडर-14 आयु वर्ग में वह नालंदा जिले की एकमात्र खिलाड़ी थीं, जिन्हें बिहार की टीम में जगह मिली। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं खुशबू
रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के महासचिव रेंसी राकेश राज ने बिहार की टीम की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है। नालंदा की बेटी खुशबू कुमारी का बिहार टीम में शामिल होकर जिले का प्रतिनिधित्व करना विशेष उपलब्धि है। उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण अन्य खिलाड़ियों, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
रेंसी राकेश राज ने इस सफलता में रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव डॉ. पंकज ज्योति के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने से उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं।
नालंदा में रग्बी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद
रेंसी राकेश राज के अनुसार, बिहार की इस सफलता से नालंदा जिले में रग्बी खेल को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाएं भी खेल के माध्यम से अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित होंगी।

खेल जगत की हस्तियों ने दी बधाई
खुशबू कुमारी और बिहार की पूरी टीम की उपलब्धि पर रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव डॉ. पंकज ज्योति, बिहारशरीफ मंडल के जेल अधीक्षक अभिषेक कुमार पांडेय, जिला परिवहन पदाधिकारी सह जिला खेल पदाधिकारी रवि रंजन, रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के अध्यक्ष मुन्नालाल और कोषाध्यक्ष ऋषिकेश कुमार ने बधाई दी।
इसके अलावा जदयू नेता धनंजय देव, एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट एंड स्पोर्ट्स जोन के निदेशक संजय कुशवाहा, न्यूरोसर्जन डॉ. राजीव कुमार रंजन, ऑर्थो सर्जन डॉ. निर्जल नाथ, सतीश कुमार, जिला खेल कार्यालय के लिपिक मुन्ना कुमार, रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के कोच सौरभ कुमार, शारीरिक शिक्षक सुबोध कुमार, विपिन कुमार एवं सूरज कुमार, जिला संघ के दल प्रभारी विवेक कुमार, रितेश रंजन, शेखर कुमार और चुनचुन कुमारी ने भी टीम को शुभकामनाएं दीं।
सभी ने खुशबू कुमारी और बिहार की स्वर्ण पदक विजेता टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

