बिहारशरीफ: राष्ट्रीय विद्यालय रग्बी खेल प्रतियोगिता 2026-27 में बिहार की अंडर-17 बालिका रग्बी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। 23 से 28 अक्टूबर तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार की खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल, मेहनत और टीम भावना का परिचय दिया। टीम की इस उपलब्धि में नालंदा जिले की सगी बहनों कोमल कुमारी और प्रियांशु कुमारी का अहम योगदान रहा।
दोनों बहनों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने खेल कौशल और समर्पण से टीम के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि से नालंदा जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और खेल संगठनों ने बिहार की टीम के प्रदर्शन की सराहना की है।

रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के महासचिव रेंसी राकेश राज ने टीम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की बालिका टीम का रजत पदक जीतना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि नालंदा की सगी बहनों कोमल और प्रियांशु का राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करना जिले के लिए विशेष उपलब्धि है। उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण अन्य खिलाड़ियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव डॉ. पंकज ज्योति के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित कराने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने से उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं।
बिहार की टीम की सफलता और नालंदा की दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव डॉ. पंकज ज्योति, बिहारशरीफ मंडल के जेल अधीक्षक अभिषेक कुमार पांडेय, जिला परिवहन पदाधिकारी सह जिला खेल पदाधिकारी रवि रंजन कुमार, रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के अध्यक्ष मुन्नालाल, कोषाध्यक्ष ऋषिकेश कुमार, जदयू नेता धनंजय देव, एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट एंड स्पोर्ट्स जोन के निदेशक संजय कुशवाहा, न्यूरोसर्जन डॉ. राजीव कुमार रंजन, ऑर्थो सर्जन डॉ. निर्जल नाथ, सतीश कुमार, जिला खेल कार्यालय के लिपिक मुन्ना कुमार, रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के कोच सौरभ कुमार, शारीरिक शिक्षक सुबोध कुमार, विपिन कुमार एवं सूरज कुमार, जिला संघ के दल प्रभारी विवेक कुमार, रितेश रंजन, शेखर कुमार तथा चुनचुन कुमारी ने पूरी टीम और दोनों बहनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


