बिहारशरीफ, नालंदा: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार बुधवार को बिहारशरीफ के उंदतपुरी स्थित सरदार पटेल मेमोरियल (एसपीएम) कॉलेज पहुंचे। यहां आयोजित अनावरण, उद्घाटन एवं अभिनंदन समारोह में उन्होंने कॉलेज के संस्थापक प्राचार्य स्वर्गीय प्रो. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान समर्थकों ने ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’ और ‘निशांत कुमार जिंदाबाद’ के नारे लगाए। नीतीश कुमार ने हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया।

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने कॉलेज परिसर में उनका स्वागत किया।
खेल सुविधाओं और संपर्क पथ का उद्घाटन
प्रतिमा अनावरण के बाद नीतीश कुमार ने कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों के लिए नवनिर्मित वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही सांसद मद से निर्मित कॉलेज के संपर्क पथ का भी लोकार्पण किया गया। संपर्क पथ बनने से कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

समारोह के दौरान कॉलेज के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में विकास योजनाओं के उद्घाटन के बाद नीतीश कुमार का काफिला आगे के लिए रवाना हो गया।
1974 में हुई थी कॉलेज की स्थापना
सरदार पटेल मेमोरियल कॉलेज की स्थापना वर्ष 1974 में हुई थी। यह महाविद्यालय बिहारशरीफ के उंदतपुरी क्षेत्र में स्थित है और वर्तमान में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना से संबद्ध है। कॉलेज का नाम देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा गया है।

कॉलेज की स्थापना का उद्देश्य स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना था। वर्षों से यह संस्थान क्षेत्र में उच्च शिक्षा के प्रसार में योगदान देता रहा है।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रतिमा अनावरण के साथ खेल सुविधाओं और संपर्क पथ का उद्घाटन कॉलेज के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

